अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर पहली बार रांची स्टेशन का जिम्मा संभालेंगी 100 से ज्यादा महिला रेलकर्मी
International Women's Day: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रांची स्टेशन में 100 से ज्यादा महिलाओं को ड्यूटी पर लगाया जाएगा. स्टेशन मैनेजर पहली बार एक दिन के लिए महिलाकर्मी को बनाया जाएगा, जो पूरा मैनेजमेंट देखेगी.
रांची रेल डिवीजन में फिलहाल 650 महिला रेलकर्मी काम कर रही हैं.
- news18jharkhand
- Last Updated: March 7, 2021, 6:30 PM IST
- निरंजन सिंह
रांची. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (International Women's Day) पर कल रेलवे ने पहली बार रांची रेलवे स्टेशन (Ranchi Station) के संचालन का जिम्मा महिला रेल कर्मियों को देने का ऐलान किया है. डीआरएम नीरज अंबष्ठ की अध्यक्षता में हुई शनिवार को बैठक में यह फ़ैसला लिया गया. ऐसा पहली बार होने जा रहा है. इसमें ट्रेन ऑपरेशन से लेकर स्टेशन पर टिकट काउंटर, सुरक्षा, सफाई कर्मी, टिकट चेकिंग सारी जगहों पर महिलाओं को ही ड्यूटी पर लगाया जाएगा. मौजूदा समय में रांची रेल डिवीजन में 650 महिला रेलकर्मी काम कर रही हैं. उनके मनोबल को बढ़ाने के लिए यह कदम उठाया गया है.
रांची रेलवे स्टेशन पर 8 मार्च को करीब एक सौ से ज्यादा महिलाओं को ड्यूटी पर लगाया जाएगा. स्टेशन मैनेजर पहली बार एक दिन के लिए महिला को बनाया जाएगा, जो पूरा मैनेजमेंट देखेंगी. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सोमवार को रांची के 2771 बूथों पर महिला विशेष मतदाता कैंप का आयोजन होगा. जिला प्रशासन ने महिलाओं से अपील की है कि वे वोटर लिस्ट में अपना नाम जोड़ने के लिए फॉर्म- 6, नाम, उम्र, फोटो आदि में अशुद्धि को शुद्ध करने के लिए फॉर्म-8 साक्ष्यों के साथ निर्धारित समय पर अपने बूथ में जाकर दें. वहीं, इस मौके पर रांची रेलवे स्टेशन को महिला कर्मी पूरी तरह संभालेंगी.
गौरतलब है कि 8 मार्च को रांची-लोहरदगा के बीच ट्रेन का परिचालन भी महिलाओं के हाथ में ही रहेगा. ट्रेन ड्राइवर से लेकर गार्ड और टीटी के साथ ट्रेन में सुरक्षाकर्मी भी महिलाएं होंगी. इसके लिए डीआरएम ने आदेश जारी कर दिया है.